स्पोर्ट्स डेस्क। अंडर-19 वर्ल्ड कप (icc u19 world cup 2022) शुक्रवार से वेस्टइंडीज में शुरू होगा। भारत को अपना पहला मुकाबला 15 जनवरी को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। टीम इंडिया अंडर-19 एशिया कप जीतकर वेस्टइंडीज पहुंची है। कप्तान यश धुल की अगुवाई में भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। टीम ने टूर्नामेंट में खेले गए अपने दोनों वॉर्मअप मुकाबले में शानदार जीत हासिल की है।
(हमारे वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए फोटो को क्लिक कीजिए)
भारतीय टीम टूर्नामेंट की अब तक की सबसे सफल टीम रही है, जिसने 2000, 2008, 2012 और 2018 में यह खिताब जीता है। इसके अलावा वह 2016 में उपविजेता रहा था। टीम 14वें एडिशन में भी यह लय हासिल रखना चाहेगी।
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 (icc u19 world cup 2022) में भारत को अपना दूसरा मुकाबला त्रिनिडाड के ब्रायन लारा स्टेडियम में 19 जनवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलना है। टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना तीसरा ग्रुप मैच त्रिनिडाड के ब्रायन लारा स्टेडियम में 22 जनवरी को युगांडा के खिलाफ खेलेगी।
टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के मुकाबले 22 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद 25 जनवरी से प्लेट ग्रुप के मैच होंगे। फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा। युगांडा की टीम इस टूर्नामेंट में पहली बार भाग ले रही और उसे भारत, दक्षिण अफ्रीका तथा आयरलैंड के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है।
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A में बांग्लादेश, इंग्लैंड, कनाडा, यूएई शामिल है जबकि ग्रुप-C में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पीएनजी और जिम्बाब्वे हैं।
वहीं ग्रुप-D में ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीम शामिल है। अंडर-19 वर्ल्ड कप का पिछला संस्करण 2020 में न्यूजीलैंड में खेला गया था, जिसे बांग्लादेश ने जीता था।
वेस्टइंडीज में होने वाले आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के तीनों ग्रुप मैच भारतीय समयानुसार शाम के 7:30 PM बजे से शुरू होगा। टूर्नामेंट में भारत के अलावा अन्य मैच भी भारतीय समयानुसार शाम के 7:30 PM बजे से शुरू होंगे।