रायपुर में गुंडागर्दी, फौजी और उसके बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट, पुलिस की कार्यशैली पर उठा सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में गुंडागर्दी की घटना सामने आई है। एक फौजी अपने बीमार माता-पिता को अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने तीनों के साथ मारपीट कर दी। आस-पास के लोग तमाशबीन बन मारपीट देखते रहे। लेकिन कुछ नहीं किया। वहीं घटना के बाद गुंडों ने कहा कि पुलिस कुछ नहीं बिगाड़ सकती। जब शिकायत लेकर पीड़ित थाने पहुंचे तो कार्रवाई के नाम पर टालते रहे। आखिर पुलिस यह क्यों करती रही समझ से परे हैं। पूर्व सैनिकों ने दबाव डाला तब आरोपियों पर कार्रवाई की गई।
यह घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। भारतीय सेना के जवान किशोर कुमार तिवारी अपने माता-पिता को लेकर मोवा के एक प्राइवेट अस्पताल में चेकअप के लिए जा रहे थे। मोवा अंडर ब्रिज के पास रॉन्ग साइड से कट मारते हुए एक ऑटो तेज रफ्तार से गुजरी। किशोर ने ऑटो चला रहे नाबालिग युवक को टोका।
[caption id="attachment_9372" align="aligncenter" width="467"]
फौजी किशोर तिवारी[/caption]
पीछे की सीट में बैठे दो युवक, किशोर के साथ हुज्जत करने लगे। बूढ़े मां बाप साथ थे, इसलिए इनकी बातों पर बिना ध्यान दिया, किशोर आगे बढ़ गए, लेकिन अस्पताल के गेट पर जैसे ही पहुंचे, नाबालिग अपने साथ छह-सात बदमाशों को लेकर पहुंच गया।
इन बदमाशों ने सेना के जवान किशोर के साथ मारपीट करने लगे। जब बूढ़े मां-बाप बचाव के लिए आए तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।
बदमाश गिरफ्तार
एसपी से फटकार मिलने के बाद पुलिस की टीम ने फौजी के साथ मारपीट के मामले में 20 साल के आसिफ अली और 23 साल के अब्दुल साहिल को गिरफ्तार किया है। इनका एक नाबालिग साथी भी पकड़ा गया है जो इस मारपीट में शामिल था। बाकी लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।